आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। कप्तान पैट कमिंस की अगुवाई में टीम ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। 244 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबले को 8 गेंद पहले ही अपने नाम कर लिया। यह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल रन चेज में से एक बन गया। इस मुकाबले में जहां हैदराबाद के बल्लेबाजों ने कमाल किया, वहीं मुंबई के प्रमुख गेंदबाज, खासकर जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या काफी महंगे साबित हुए। आइए जानते हैं इस जीत के पांच सबसे बड़े हीरो—
1. इशान मलिंगा की सधी हुई गेंदबाजी
हाई-स्कोरिंग मैच में भी इशान मलिंगा ने अपनी गेंदबाजी से खास छाप छोड़ी। भले ही उन्होंने सिर्फ एक विकेट लिया, लेकिन 4 ओवर में महज 29 रन देकर वह मैच के सबसे किफायती गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने मुंबई के खतरनाक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को जल्दी आउट कर टीम को अहम सफलता दिलाई।
2. अभिषेक-हेड की विस्फोटक ओपनिंग साझेदारी244 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने हैदराबाद को तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 52 गेंदों में 129 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया। अभिषेक ने 24 गेंदों में 45 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इस साझेदारी ने मुंबई के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया।
3. ट्रेविस हेड की आक्रामक अर्धशतकीय पारीट्रेविस हेड ने इस मुकाबले में अपनी फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और पूरे मैच में मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। हेड ने 30 गेंदों पर 76 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 4 चौके शामिल थे। उनकी पारी ने लक्ष्य का पीछा बेहद आसान बना दिया।
4. हेनरिक क्लासेन की मैच जिताऊ क्लास
मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने 30 गेंदों में 65 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे। क्लासेन ने नितीश के साथ चौथे विकेट के लिए 80 रन की अहम साझेदारी भी की। इस पारी के साथ वह इस सीजन में 400+ रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए और टॉप रन स्कोरर्स में दूसरे स्थान पर पहुंच गए।
5. सलील अरोरा का फिनिशिंग टचअंतिम ओवरों में सलील अरोरा ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए मैच को पूरी तरह हैदराबाद की झोली में डाल दिया। उन्होंने महज 10 गेंदों में 30 रन ठोके, जिसमें 3 छक्के और 2 चौके शामिल थे। उन्होंने खासतौर पर बुमराह और हार्दिक के ओवरों में बड़े शॉट लगाए और क्लासेन के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे। दोनों के बीच 14 गेंदों में 36 रन की साझेदारी हुई, जिसने जीत को सुनिश्चित कर दिया।
कुल मिलाकर, सनराइजर्स हैदराबाद की यह जीत टीम के सामूहिक प्रदर्शन का शानदार उदाहरण रही, जहां हर विभाग में खिलाड़ियों ने अपना योगदान दिया। वहीं मुंबई इंडियंस के लिए यह मैच एक बार फिर कमजोर गेंदबाजी और गलत रणनीति की कहानी बनकर रह गया।