IPL 2026 के 18वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के ओपनर संजू सैमसन ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैदान पर तहलका मचा दिया। उन्होंने शानदार शतक जड़ते हुए इस सीजन में सेंचुरी लगाने वाले पहले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। सैमसन ने महज 52 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी इस दमदार पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स बड़े स्कोर की ओर बढ़ती हुई नजर आई।
धोनी का रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहासइस शानदार पारी के साथ संजू सैमसन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अब आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम था, जिन्होंने CSK के लिए बतौर विकेटकीपर 84 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली थी। सैमसन ने इस आंकड़े को पार करते हुए नया इतिहास रच दिया।
हालांकि यह भी ध्यान देने वाली बात है कि एमएस धोनी आमतौर पर मिडिल या लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं, जबकि संजू सैमसन टॉप ऑर्डर में खेलते हैं, जिससे उन्हें बड़ी पारी खेलने के ज्यादा मौके मिलते हैं। फिर भी, CSK के लिए अपने पहले ही सीजन में इस तरह का रिकॉर्ड बनाना सैमसन की प्रतिभा और फॉर्म को दर्शाता है।
आईपीएल में चौथा शतक, बड़े खिलाड़ियों की बराबरीसंजू सैमसन के लिए यह उनके आईपीएल करियर का चौथा शतक रहा। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने शुभमन गिल और डेविड वॉर्नर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की बराबरी कर ली है, जिनके नाम भी इस लीग में चार-चार शतक दर्ज हैं।
अगर आईपीएल में सबसे ज्यादा शतकों की बात करें तो यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 8 सेंचुरी लगाई हैं। उनके बाद जोस बटलर 7 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं क्रिस गेल के नाम 6 और केएल राहुल के नाम 5 शतक दर्ज हैं। ऐसे में सैमसन अब इस खास सूची में अपनी जगह मजबूत करते जा रहे हैं।
किन-किन टीमों के खिलाफ जड़े शतकसंजू सैमसन ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक साल 2017 में राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के खिलाफ लगाया था, जहां उन्होंने 63 गेंदों में 102 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 102 रन की पारी खेली थी।
साल 2021 में सैमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 63 गेंदों में 119 रन बनाकर एक और शानदार शतक जड़ा। वहीं अब IPL 2026 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शतक लगाकर अपने रिकॉर्ड में एक और उपलब्धि जोड़ ली है।
खास बात यह है कि वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शतक लगाने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले मुरली विजय ने साल 2012 में इसी मैदान पर 58 गेंदों में 113 रन की पारी खेलकर यह कारनामा किया था।