0,4,4,6,6,1: वापसी करते ही रोहित शर्मा का विस्फोट, LSG के गेंदबाज की कर दी धुनाई

आईपीएल 2026 के 47वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने मैदान पर लौटते ही ऐसा धमाका किया कि दर्शक झूम उठे। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे रोहित ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का माहौल पूरी तरह बदल दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को रोहित और रयान रिकेल्टन की जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और महज 5 ओवर में टीम का स्कोर 50 रन तक पहुंचा दिया।

इसके बाद पावरप्ले का आखिरी ओवर आया, जिसमें रोहित शर्मा ने अपना असली रंग दिखाया। लखनऊ के तेज गेंदबाज आवेश खान के इस ओवर में रोहित ने ऐसा हमला बोला कि गेंदबाज पूरी तरह दबाव में आ गया। ओवर की पहली गेंद पर भले ही रन नहीं बना, लेकिन उसके बाद रोहित ने लगातार दो चौके जड़ते हुए लय पकड़ी और फिर दो गगनचुंबी छक्कों के साथ ओवर की दिशा ही बदल दी। आखिरी गेंद पर सिंगल लेते हुए उन्होंने इस ओवर में कुल 21 रन बटोर लिए, जिससे मुंबई का स्कोर बिना विकेट गंवाए 6 ओवर में 71 रन हो गया।

पावरप्ले के बाद भी दोनों बल्लेबाजों का आक्रामक अंदाज जारी रहा। रयान रिकेल्टन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। वहीं रोहित शर्मा भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने 27 गेंदों में अपना पचासा पूरा कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। 10 ओवर के अंत तक दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 127 रनों की साझेदारी हो चुकी थी, जिसने मैच का रुख पूरी तरह मुंबई की ओर मोड़ दिया।
हालांकि, लखनऊ की टीम को आखिरकार 11वें ओवर में सफलता मिली, जब मोहसिन खान ने इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा। रिकेल्टन 32 गेंदों में 83 रन की विस्फोटक पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इसके बाद 14वें ओवर में रोहित शर्मा भी मणिमारन सिद्धार्थ की गेंद पर आउट हो गए। रोहित ने अपनी शानदार पारी में 84 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी इस दमदार बल्लेबाजी ने टीम को जीत की मजबूत नींव दी।

इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कमान संभाली। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी दमदार प्रदर्शन किया और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से निकोलस पूरन ने महज 21 गेंदों में 63 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि मिचेल मार्श ने 44 रन बनाकर अहम योगदान दिया।