आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले में गुरुवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 9 रनों से मात दे दी। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस बारिश से प्रभावित मुकाबले में डकवर्थ-लुईस नियम के तहत आरसीबी को 213 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम 19 ओवर में 6 विकेट खोकर सिर्फ 203 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ लखनऊ सुपर जाएंट्स ने इस सीजन में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। बारिश के कारण समय की बर्बादी हुई, जिसके चलते मैच को 19-19 ओवर का कर दिया गया था।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को पहला झटका जैकब बेथेल के रूप में लगा, जो सिर्फ 4 रन बनाकर मोहम्मद शमी की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद लखनऊ के युवा गेंदबाज प्रिंस यादव ने ऐसा करिश्मा किया, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया। उन्होंने शानदार गेंद पर विराट कोहली को 46 पारियों के बाद बिना खाता खोले यानी डक पर पवेलियन भेज दिया।
कोहली के ही टिप्स से बने ‘विकेट टेकर’ प्रिंस यादवमैच के बाद प्रिंस यादव ने अपने इस बड़े विकेट का श्रेय किसी रणनीति या कोचिंग नहीं, बल्कि खुद विराट कोहली को दिया। उन्होंने खुलासा किया कि पिछले मैच के बाद जब उनकी बातचीत विराट “भैया” से हुई थी, तो कोहली ने उन्हें गेंदबाजी को लेकर अहम सलाह दी थी।
प्रिंस के मुताबिक, कोहली ने उन्हें समझाया था कि जब तक गेंद पिच से मूवमेंट ले रही है, तब तक लगातार एक ही सही लेंथ पर गेंद डालते रहना चाहिए और धैर्य बनाए रखना चाहिए। इसी सलाह को उन्होंने इस मैच में पूरी तरह अपनाया और उसी रणनीति के दम पर विराट कोहली का बड़ा विकेट हासिल कर लिया।
प्रिंस ने यह भी बताया कि शुरुआत उनके लिए आसान नहीं थी। मैच की पहली ही गेंद पर उनसे एक मिसफील्ड हो गई थी, लेकिन उन्होंने तुरंत खुद को संभाला और फोकस बनाए रखा। उन्होंने कहा कि मानसिक मजबूती ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी।
लखनऊ के लिए यह जीत और भी खास रही क्योंकि टीम लगातार छह मुकाबले हार चुकी थी। प्रिंस ने कहा कि कठिन दौर जरूर रहा, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी और अब यही जज्बा आगे भी जारी रहेगा।
पडिक्कल और पाटीदार ने संभाली RCB की पारीहालांकि 9 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 95 रनों की अहम साझेदारी की, जिससे RCB मैच में वापस आती दिखी।
पडिक्कल 25 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 61 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। उनकी पारी में 3 चौके और 6 लंबे छक्के शामिल रहे।
जितेश शर्मा इस मैच में भी फ्लॉप रहे और सिर्फ 1 रन बनाकर चलते बने। टिम डेविड ने 17 गेंदों में 40 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। क्रुणाल पांड्या ने 16 गेंदों में 28 रन बनाकर नाबाद रहते हुए कोशिश जारी रखी, जबकि रोमारियो शेपर्ड ने 15 गेंदों में 23 रन बनाए। बावजूद इसके दोनों की यह पारियां टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
गेंदबाजी में लखनऊ की तरफ से प्रिंस यादव सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 अहम विकेट लिए। उनके अलावा शाहबाज अहमद ने 2 विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद शमी को 1 सफलता मिली।
LSG की धमाकेदार बल्लेबाजी, मार्श का शतकइससे पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। मिचेल मार्श और अर्शिन कुलकर्णी ने पहले विकेट के लिए 9.2 ओवर में 95 रनों की साझेदारी की।
अर्शिन 17 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन मार्श ने निकोलस पूरन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी की। पूरन ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए।
मार्श इस मैच के असली स्टार रहे। उन्होंने 49 गेंदों में शतक पूरा किया और 56 गेंदों में 111 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 9 छक्के शामिल थे।
अंत के ओवरों में कप्तान ऋषभ पंत ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
आरसीबी की गेंदबाजी में जोश हेजलवुड, क्रुणाल पांड्या और रसिख सलाम को 1-1 विकेट मिला, लेकिन टीम इस बड़े लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकी और उसे इस सीजन की चौथी हार का सामना करना पड़ा।