LSG vs GT Head To Head: लखनऊ-गुजरात की भिड़ंत में कौन मारेगा बाजी, आंकड़े और फॉर्म बता रहे दिलचस्प कहानी

IPL 2026 में रविवार, 12 अप्रैल की दोपहर क्रिकेट प्रेमियों को एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा, जब लखनऊ सुपर जायंट्स अपने घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस से टकराएगी। दोनों टीमों की मौजूदा फॉर्म और आत्मविश्वास को देखते हुए इस मैच को लेकर उत्साह चरम पर है। खास बात यह है कि दोनों ही टीमें जीत की लय में नजर आ रही हैं, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।

लखनऊ सुपर जायंट्स की बात करें तो टीम ने हाल के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है और लगातार दो करीबी मैच जीतकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। कप्तान ऋषभ पंत की अगुवाई में टीम संतुलित नजर आ रही है और खिलाड़ी भी लय में दिख रहे हैं। अब टीम की नजर लगातार तीसरी जीत दर्ज करने पर होगी। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा भी लखनऊ के पक्ष में जा सकता है, जिससे उनकी उम्मीदें और मजबूत हो जाती हैं।

दूसरी ओर गुजरात टाइटंस भी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने वाली है। टीम ने अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी गेंद पर हराकर सीजन की पहली जीत हासिल की थी। इस जीत ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया है और अब टीम उसी लय को जारी रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
हेड-टू-हेड आंकड़ों में गुजरात को बढ़त

अगर दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए मुकाबलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो गुजरात टाइटंस का पलड़ा थोड़ा भारी दिखाई देता है। आईपीएल में लखनऊ और गुजरात के बीच कुल 7 मैच खेले गए हैं, जिनमें गुजरात ने 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स ने 3 मैच अपने नाम किए हैं।

हालांकि यह अंतर बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन आंकड़े यह जरूर दिखाते हैं कि गुजरात ने अब तक इस भिड़ंत में हल्की बढ़त बनाई हुई है। बावजूद इसके, मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि इस बार बाजी किसके हाथ लगेगी। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की पूरी संभावना है।

स्क्वाड पर एक नजर


गुजरात टाइटंस की टीम में कई मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं। कप्तान शुभमन गिल के साथ जोस बटलर, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा जैसे बड़े नाम टीम को मजबूती देते हैं। इसके अलावा राहुल तेवतिया और साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ी भी किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स का स्क्वाड भी काफी संतुलित नजर आता है। कप्तान ऋषभ पंत के अलावा मिचेल मार्श, एडेन मारक्रम, निकोलस पूरन और जोश इंग्लिस जैसे धाकड़ बल्लेबाज टीम में शामिल हैं। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी, अवेश खान और एनरिक नॉर्टजे जैसे तेज गेंदबाज टीम को मजबूती देते हैं।