IPL 2026 में बड़ा उलटफेर: पंजाब किंग्स हाथ से निकला टॉप स्पॉट, SRH बना नया किंग; RCB को भी झटका

आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहां लंबे समय से शीर्ष पर काबिज पंजाब किंग्स से नंबर-वन की गद्दी छिन गई है। बुधवार, 6 मई की रात खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को मात दी और सीधे टेबल के शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया। इस नतीजे के बाद न सिर्फ पंजाब को झटका लगा, बल्कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को भी नुकसान झेलना पड़ा है और उसकी रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई है।

इस मैच के बाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका पूरी तरह बदल गई है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 11 मैचों में 14 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया है और फिलहाल लीग में सबसे आगे निकल गई है। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स जो लंबे समय तक टॉप पर बनी हुई थी, अब 10 मैचों में 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई है। टीम को लगातार तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है, जिससे उसकी स्थिति कमजोर हुई है।

इस मुकाबले के नतीजे का असर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर भी पड़ा है। आरसीबी, जो इस मैच से पहले दूसरे स्थान पर थी, अब एक पायदान नीचे तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। टीम के पास 9 मैचों में 12 अंक हैं और उसने अब तक 6 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स भी 10 मैचों में 12 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है, लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह से आरसीबी उससे ऊपर है।

गुजरात टाइटन्स की स्थिति भी दिलचस्प बनी हुई है। टीम के पास भी 12 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट कम होने के कारण वह पांचवें स्थान पर खिसक गई है और टॉप-4 से बाहर है। छठे नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स मौजूद है, जिसने 10 में से 5 मैचों में जीत हासिल की है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स सातवें स्थान पर है और उसने 10 में से 4 मुकाबले जीते हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की बात करें तो टीम ने 9 मैचों में 3 जीत दर्ज की है और एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। इसके चलते केकेआर 7 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। नौवें पायदान पर मुंबई इंडियंस मौजूद है, जिसने 10 मैचों में सिर्फ 3 जीत हासिल की हैं। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन अब तक सबसे निराशाजनक रहा है, जहां टीम ने 9 में से केवल 2 मुकाबले जीते हैं और उसके खाते में सिर्फ 4 अंक हैं।
आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल का ताजा हाल:

पोजिशन | टीम | मैच | जीत | हार | बेनतीजा | नेट रन रेट | अंक

1 | SRH | 11 | 7 | 4 | 0 | 0.737 | 14
2 | PBKS | 10 | 6 | 3 | 1 | 0.571 | 13
3 | RCB | 9 | 6 | 3 | 0 | 1.420 | 12
4 | RR | 10 | 6 | 4 | 0 | 0.510 | 12
5 | GT | 10 | 6 | 4 | 0 | -0.147 | 12
6 | CSK | 10 | 5 | 5 | 0 | 0.151 | 10
7 | DC | 10 | 4 | 6 | 0 | -0.949 | 8
8 | KKR | 9 | 3 | 5 | 1 | -0.539 | 7
9 | MI | 10 | 3 | 7 | 0 | -0.649 | 6
10 | LSG | 9 | 2 | 7 | 0 | -1.076 | 4