IPL 2026 में MI को बड़ा झटका, स्पिन ऑलराउंडर बाहर; 21 साल के खिलाड़ी को मिला मौका

आईपीएल 2026 के बीच में Mumbai Indians को बड़ा झटका लगा है, जिसने टीम की रणनीति पर असर डाल दिया है। 16 अप्रैल को Punjab Kings के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम के युवा स्पिन ऑलराउंडर अथर्व अंकोलेकर चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मुंबई ने 21 वर्षीय ऑलराउंडर कृष भगत को स्क्वॉड में शामिल किया है, जिन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर टीम में जोड़ा गया है।

इस बदलाव को लेकर आईपीएल की ओर से आधिकारिक जानकारी भी साझा की गई है। प्रेस रिलीज के मुताबिक, चोट के कारण अथर्व अंकोलेकर आगे के मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे, जिसके चलते टीम ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर कृष भगत को मौका दिया है। भगत पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट में खेल चुके हैं और उन्होंने अब तक 7 फर्स्ट क्लास और 9 लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं। दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज होने के साथ-साथ वह बल्लेबाजी में भी योगदान देने की क्षमता रखते हैं, और लिस्ट-ए क्रिकेट में एक अर्धशतक भी उनके नाम दर्ज है।

अगर कृष भगत की प्रोफाइल पर नजर डालें तो वह टीम के लिए एक उपयोगी ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं। गेंदबाजी के अलावा निचले क्रम में रन बनाने की उनकी क्षमता टीम को संतुलन देती है। पिछले दो वर्षों से वह मुंबई इंडियंस के ट्रायल्स का हिस्सा रहे हैं और टीम के साथ जुड़ाव भी बनाए हुए थे। 2026 के डीवाई पाटिल टी20 कप में उन्होंने रिलायंस टीम का प्रतिनिधित्व किया था और सीजन शुरू होने से पहले बतौर सपोर्ट गेंदबाज टीम के साथ जुड़े हुए थे।
वहीं, अथर्व अंकोलेकर का रिकॉर्ड भी काफी प्रभावशाली रहा है। वह 2020 में भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम का हिस्सा थे और उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था। उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए निश्चित तौर पर एक बड़ा नुकसान मानी जा रही है।

मुंबई इंडियंस के मौजूदा प्रदर्शन पर नजर डालें तो टीम की शुरुआत भले ही Kolkata Knight Riders के खिलाफ जीत से हुई थी, लेकिन उसके बाद लय बिगड़ गई। Delhi Capitals, Rajasthan Royals और Royal Challengers Bengaluru के खिलाफ लगातार तीन हार ने टीम को मुश्किल स्थिति में डाल दिया है। अंक तालिका में टीम फिलहाल नौवें स्थान पर खिसक गई है।

अब ऐसे में पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाला मुकाबला मुंबई इंडियंस के लिए बेहद अहम होने वाला है। देखना दिलचस्प होगा कि नए खिलाड़ी के शामिल होने के बाद टीम अपनी लय वापस हासिल कर पाती है या नहीं।