IPL 2026 के सातवें मैच में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से शिकस्त दी। पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी CSK ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 209 रन बनाए। हालांकि, पंजाब किंग्स ने इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को 5 विकेट खोकर 18.4 ओवर में हासिल कर लिया और CSK को सीजन की लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में चेन्नई के गेंदबाज लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करने में नाकाम रहे।
कप्तान गायकवाड़ का बयान: बल्लेबाजी अच्छी, गेंदबाजी में कमीचेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने हार के बाद टीम के प्रदर्शन का विश्लेषण किया। उन्होंने कहा कि टीम ने बोर्ड पर प्रतिस्पर्धी स्कोर जरूर खड़ा किया, लेकिन गेंदबाजी में लय न होने के कारण मैच हाथ से निकल गया।
गायकवाड़ ने खुलासा किया, “ईमानदारी से कहूं तो यह एक अच्छा स्कोर था। पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार थी, लेकिन स्पिनरों के लिए पकड़ कम थी। गेंद बल्ले पर आसानी से नहीं आ रही थी और स्लोअर गेंदें भी रुक कर आ रही थीं। इस मैदान की बड़ी बाउंड्री को देखते हुए यह स्कोर काफी सम्मानजनक था।”
स्पिनरों का दिन नहीं रहा खासकप्तान ने इम्पैक्ट सब्सटीट्यूट राहुल को शामिल करने के फैसले पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमने तीन तेज गेंदबाजों और दो अच्छे रिस्ट स्पिनरों के साथ खेलना तय किया था, खासकर मिडिल ओवरों में। लेकिन दोनों स्पिनरों का दिन खराब रहा और यही मैच पर भारी पड़ा।
गायकवाड़ ने आगे कहा, “हमने कई बार अच्छी गेंद डाली, लेकिन कई बार लाइन और लेंथ में कमी रही। अगर दो-तीन ओवर और बेहतर रहते तो रनरेट पर दबाव बना सकते थे। आयुष और शिवम ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन गेंदबाजी में हमें सुधार की जरूरत है। कुछ खिलाड़ी थोड़ा रुक कर खेलना चाहते थे, लेकिन गलत समय पर आउट हो गए।”
पॉइंट्स टेबल और आगे का रास्तादो हारों के बाद चेन्नई सुपर किंग्स पॉइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर हैं। वहीं, लगातार दो जीत के बाद पंजाब किंग्स 4 पॉइंट्स के साथ शीर्ष पर हैं। अगले मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा, जबकि CSK डिफेंडिंग चैंपियन RCB के खिलाफ मैदान में उतरेगी।