संजू सैमसन करेंगे CSK के लिए ओपन, ऋतुराज गायकवाड़ ने किया खुलासा; बताया कौन होगा पार्टनर

IPL 2026 की तैयारियों के तहत बीसीसीआई ने सभी 10 टीमों के कप्तानों की मीटिंग मुंबई में आयोजित की। इस मौके पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने बड़ा खुलासा किया कि संजू सैमसन CSK के लिए ओपनिंग करेंगे। संजू को CSK ने ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया है, इसके लिए फ्रेंचाइजी ने अपने पूर्व कप्तान रविंद्र जडेजा को रिलीज़ किया। संजू को धोनी का संभावित उत्तराधिकारी भी माना जा रहा है।

ओपनिंग जोड़ी का बड़ा खुलासा


मीटिंग से पहले स्टार स्पोर्ट्स के प्रेजेंटर ने ऋतुराज से सवाल किया कि CSK की ओपनिंग जोड़ी कौन होगी। उन्होंने कहा, एमएस धोनी के बैटिंग क्रम को लेकर आपने खुलासा नहीं किया, लेकिन क्या आप टीम के बाकी बैटिंग क्रम के बारे में बता सकते हैं? आयुष म्हात्रे और संजू सैमसन, ऋतुराज और संजू, या फिर ऋतुराज और आयुष – कौन ओपन करेगा?
ऋतुराज ने साफ किया कि इस सीजन CSK की ओपनिंग जोड़ी वह खुद और संजू सैमसन होंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू ने सिर्फ 5 मैचों में 300 से अधिक रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था और टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। अब उनका लक्ष्य इस फॉर्म को आईपीएल में भी जारी रखना है।

बैटिंग क्रम और अन्य खिलाड़ियों की स्थिति


सवाल यह उठता है कि आयुष म्हात्रे किस क्रम में बल्लेबाजी करेंगे – क्या वह तीसरे नंबर पर आएंगे या उनकी जगह उर्विल पटेल को मौका मिलेगा। उर्विल भी इस पोजीशन के लिए मजबूत दावेदार हैं। ऑलराउंडर शिवम दुबे चौथे नंबर और डेवाल्ड ब्रेविस पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। वहीं, प्रशांत वीर को पहले मैच में डेब्यू का मौका मिल सकता है, जिन्हें CSK ने 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा है। एमएस धोनी छठे या सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने का विकल्प चुन सकते हैं।