तनाव में इंसान कई बार गलत कदम उठा लेता हैं। इसका एक नजारा देखने को मिला जोधपुर शहर के अंदरूनी क्षेत्र शिपहाउस जाट छात्रावास में जहां रहने वाले प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसे फोन लगाने पर जवाब नहीं मिलने पर रिश्तेदार कमरे पर पहुंचे तो वह फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई प्रकाशराम की तरफ से मर्ग दर्ज किया। शव कार्रवाई के उपरांत परिजन को सौंप दिया गया है।
नागौरी गेट पुलिस ने बताया कि मूलत: भोपालगढ़ के सुखदेव नगर बुरच्छा निवासी 22 साल का डूंगरराम पुत्र श्रवणराम जाट यहां शिप हाउस स्थित तेजा हॉस्टल में रहता था। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। किन्हीं कारण के चलते उसने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसके रिश्तेदार ने उसे फोन लगाया था। जवाब नहीं मिलने पर उसके कमरे पर आए तब वह खिडक़ी से झांकने पर वह फंदे पर रस्सी से लटका मिला।