हरियाणा / नग्न अवस्था में मिला महिला का शव, रेप की आशंका

हरियाणा से ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का मामला सामने आया है। यहां, घर में अकेली रह रही एक 57 साल की महिला कर्मचारी मंगलवार देर शाम नग्न अवस्था में अपने ही सरकारी क्वार्टर में मृत मिली। महिला रेलवे वर्कशॉप की कैंटीन में काम करती थी और घर पर अकेली रहती थी। महिला का शव बिना कपड़ों के आधा फ्रीज में और आधा फ्रिज के बाहर मिला और घर का सारा सामान भी बिखरा हुआ था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि महिला की हत्या करने के बाद उसके शव को फ्रिज में डालने की कोशिश की गई हो। यमुनानगर के एसपी सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ मौके का निरीक्षण करने पहुंचे। मगर अभी तक हत्या की यह गुत्थी रहस्यमय बनी हुई है। सूचना मिलते ही यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल मौके पर पहुंच गए। सीन ऑफ क्राइम और डॉग स्क्वायड टीमों ने भी सभी पहलुओं को बारीकी से खंगाला।

पुलिस का कहना है कि मृत महिला को सबसे पहले सुबह दूध वाले ने देखा। फिर उसने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। दोनों तरफ के दरवाजे खुले हुए थे। जैसे ही पड़ोसियों ने अंदर झांकर देखा तो हर किसी को होश उड़ गए। फिर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पड़ोसियों का कहना है कि महिला हर किसी के साथ मिलकर रहती थी। इस वारदात के 24 घंटे पहले पड़ोसियों ने महिला को दाल बीनते हुए देखा था। अगले दिन यह महिला अपने काम पर नहीं गई और किसी को बाहर भी नजर नहीं आई।

एसपी ने कहा कि सरोज नामक मृतक महिला की उम्र लगभग 57 साल थी और उनका शव उनके सरकारी क्वार्टर में मिला है। जिसे हत्यारों द्वारा फ्रिज में डालने की कोशिश की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके साथ दूसरे सभी अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। एसपी ने कहा कि पहली नजर में रेप की संभावना को भी नकारा नहीं जा सकता लेकिन स्पष्ट तौर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा।