कोरोना वायरस (Coronavirus) भारत में भी तेजी से अपने पांव पसार रहा है। पूरे देश से 31 मामले सामने आए हैं जिनमें कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। गुरुवार को इटली के पर्यटक की पत्नी की रिपोर्ट भी कोरोना वायरस से पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि वह हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आपको बता दे, पूरी दुनिया में इस वायरस से 3000 लोगों की मौत हो चुकी है हालांकि भारत से अभी तक किसी शख्स के इस वायरस से मरने की खबर नहीं आई है।
इस बीच 13 सेकेंड्स की फिल्म वायरल हो रही है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे चीन से अमेरिका तक आया एक वायरस कैसे सिर्फ महीने भर से कम समय में अमेरिका में ही पच्चीस लाख ज़िंदगियां ले लेता है। पूरी दुनिया में तो मौतों की संख्या ढाई करोड़ तक पहुंच जाती है। इस नए वायरस के वैक्सीन की खोज 133वें दिन होती है और 500 दिन बीतते-बीतते ये महामारी मुश्किल से खत्म हो पाती है।
ट्विटर पर शेयर की गई इस फिल्म को बेहद पावरफुल शॉर्ट फिल्म बताया जा रहा है और लोगों के बीच ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
बता दें कि इससे कुछ समय पहले भी कंटेजन नाम की एक फिल्म वायरल हुई थी क्योंकि उस फिल्म में भी कोरोना जैसे ही एक वायरस की कहानी दिखाई गई थी। इसे स्टीवन सोडरबर्ग ने डायरेक्ट किया था। 9 साल बाद कोरोना वायरस के चलते ये फिल्म एक बार फिर सिनेप्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई थी।
30 करोड़ बच्चे नहीं जा रहे स्कूल
आपको बता दे, कोरोना वायरस की वजह से 31 मार्च तक दिल्ली में सभी प्राइमरी स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। यह हाल सिर्फ दिल्ली का नहीं है बल्कि दुनियाभर में बच्चे कोरोना के खौफ से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। कोरोना वायरस से दुनियाभर में 80 से ज्यादा देश प्रभावित हैं। इस वजह से तमाम जगहों पर आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। इटली में सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है जबकि कई जगहों पर स्कूल खुले तो हैं लेकिन खौफ की वजह से बच्चे नहीं जा रहे। आलम यह है कि दुनियाभर में करीब 30 करोड़ बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।