अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए रोडवेज बसों में एक दिन की मुफ्त यात्रा की घोषणा की है। यह सुविधा केवल 8 मार्च को उपलब्ध होगी, जिसके तहत महिलाएं राजस्थान रोडवेज बसों में राज्य की सीमा के भीतर कहीं भी निःशुल्क यात्रा कर सकती हैं। हालांकि, इस मुफ्त यात्रा के लिए एक शर्त भी लागू की गई है, जिसके तहत कुछ मामलों में टिकट लेना आवश्यक हो सकता है।
विश्व महिला दिवस इस साल शनिवार, 8 मार्च को मनाया जा रहा है। इस मौके पर सरकार ने महिलाओं के लिए रोडवेज बस यात्रा मुफ्त करने की घोषणा की है, लेकिन राजस्थान रोडवेज ने इसके लिए कुछ नियम भी निर्धारित किए हैं। 5 मार्च को रोडवेज अध्यक्ष शुभ्रा सिंह के निर्देशानुसार आदेश जारी किए गए थे।
मुफ्त बस यात्रा के लिए शर्तरोडवेज के प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि 8 मार्च को राजस्थान रोडवेज की सभी साधारण एवं एक्सप्रेस बसों (वातानुकूलित और वोल्वो बसों को छोड़कर) में राजस्थान की सीमा के भीतर यात्रा करने वाली सभी महिलाओं और बालिकाओं को 24 घंटे (00:00 बजे से 23:59 बजे तक) मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
हालांकि, यदि कोई महिला जयपुर से दिल्ली जाने के लिए राजस्थान रोडवेज बस में सफर कर रही है, तो यह सुविधा केवल राजस्थान के अंतिम बस स्टॉप तक ही मान्य होगी। राजस्थान की सीमा से बाहर निकलते ही दिल्ली तक का टिकट लेना होगा।
रोडवेज की कार्यकारी निदेशक (यातायात) डॉ. ज्योति चौहान ने बताया कि यह योजना केवल राजस्थान राज्य की भौगोलिक सीमा के भीतर संचालित साधारण और द्रुतगति बसों में लागू होगी, जिससे सभी महिलाओं और बालिकाओं को राज्य के भीतर मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा।