अजमेर : गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जेठ पर लगे दुष्कर्म के आरोप

अक्सर कई बार पारिवार विवाद ऐसे आते हैं जिसमें महिलार्ण खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार करने लगती हैं। ऐसा ही एक मामला राजस्थान के अजमेर के ग्राम मोहनपुरा से सामने आया हैं जहां गुरुवार सुबह चार माह की गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पीहर पक्ष के लोगों ने जेठ पर बहू के साथ मारपीट व दुष्कर्म कर मौत का जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव पीहर पक्ष के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने जेठ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। ग्राम मोहनपुरा निवासी पूजा रेगर (23) पत्नी अनिल रेगर से वर्ष 2017 में विवाह हुआ था।

पूजा ने सुबह अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका चार माह की गर्भवती थी। ससुराल पक्ष के लोगों ने पूजा को फंदे से उतारकर राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतका के पीहर पक्ष के लोग कल्याणीपुरा से अस्पताल पहुंच गए।

मृतका के परिजनों ने मौत का कारण पूजा के जेठ धर्मी चंद नोगिया को बताया है। परिजनों का कहना है कि जेठ पूजा को आए दिन परेशान करता था। जबरन अपनी औरत बनाने का दबाव बनाते हुए रात में दुष्कर्म किया और मारपीट की। इससे दुखी होकर पूजा ने आत्महत्या कर ली।

पति करता था मजदूरी, जेठ की हरकतों पर नहीं देता था ध्यान

मृतका के पिता भागचंद ने बताया कि शादी के एक साल तक सब ठीक चला। इसके बाद जेठ धर्मी चंद परेशान करने लग गया। पूजा का पति मजदूरी करता है और जेठ की हरकतों पर ध्यान नहीं देता। सास को भी सब कुछ पता था लेकिन उसने भी कुछ नहीं किया। पिता ने आरोप लगाया कि बुधवार की रात को पति मजदूरी करने चला गया और सास खेत पर चली गई। घर में पूजा अकेली थी।

पीछे से जेठ ने आकर पूजा को अपनी पत्नी बनाने की बात कहते हुए मारपीट की और दुष्कर्म किया। रात को पूजा ने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी और कहा कि मैं फांसी खा लूंगी। पिता ने मृतका के पति, सास को रात 3 बजे सूचना दी लेकिन वे नहीं गए। सुबह जाने पर पति ने फांसी खाने की सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जेठ के बच्चों की देखभाल भी करती थी पूजा | पूजा का विवाह वर्ष 2017 में अनिल रेगर से हुआ था। पूजा के पंद्रह माह की एक लड़की है और वर्तमान में वह चार माह की गर्भवती थी। परिजनों ने बताया कि उसके जेठ धर्मी चंद की पत्नी सुनीता की पांच साल पहले मौत हो गई थी। उसके बाद से पूजा ही धर्मी चंद के दोनों बच्चों की मां की तरह देखभाल करती थी। उसकी मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। अब इन संतानों को मां की ममता कौन देगा।