पंजाब : सवा माह की मासूम के लिए उसकी मां ही बनी हैवान, फेंका शौचालय में

पंजाब के फरीदकोट में एक ऐसी वारदात हुई जिसके बारे में जिसे भी पता चला वह सन्न रह गया क्योंकि यहां सवा माह की मासूम के लिए उसकी मां ही हैवान बन गई जिसने बेटे की चाह में बच्ची को शौचालय में फेंक दिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सैना के पहले दो लड़कियां और एक लड़का है। वह एक और लड़का होने की चाह रखती थी लेकिन सवा माह पहले उसने तीसरी लड़की को जन्म दिया। बेटा न होने की नाराजगी में महिला ने शुक्रवार सुबह बेटी को जिंदा ही फ्लश के टैंक में फेंक दिया। जब तक गांव के लोग बच्ची को बाहर निकालते, मासूम की सांसें थम चुकी थी। पुलिस ने मृतक बच्ची के पिता के बयान पर उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।

यह दिल दहला देने वाली वारदात पंजाब के फरीदकोट के गांव कलेर की है। शुक्रवार सुबह गांव कलेर में एक मजदूर परिवार ने शोर मचा दिया कि उनकी सवा माह की बेटी घर से गायब है। आस पास के लोगों ने तलाश की लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। इस पर ग्रामीणों को परिवार पर ही शक हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने बच्ची की मां से पूछा तो उसने मान लिया कि उसी ने बच्ची को मार डाला। मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि काफी तलाश करने के बाद भी जब बच्ची नहीं मिली तो उन्होंने फ्लश में देखा। जब फ्लश के स्लैब को उखाड़ कर देखा तो बच्ची उसके अंदर थी। उसे सरिए की मदद से निकाला गया लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।

डीएसपी सतविंदर सिंह विर्क ने कहा कि बच्ची की माता ने इस घटना को अंजाम दिया है, क्योंकि उसकी पहले ही दो बेटियां और एक बेटा था। अब वह लड़के की उम्मीद में थी लेकिन लड़की होने से निराश हो गई थी। महिला के खिलाफ धारा 302 का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, ये परिवार करीब 7 महीने से इसी भट्ठे पर काम कर रहा था। यह परिवार यूपी के बांदा जिले का रहने वाला है।