जयपुर : हैकर्स ने हैक किया महिला का तीन लाख फाॅलाेअर्स वाला फेसबुक पेज, 72 घंटे में हुआ रिकवर

यदि आप सोशल मीडिया फ्रेंडली है और आपके वैरिफाइड फेसबुक या ट्विटर अकाउंट पर लाखाें फॉलोअर्स है ताे आपकाे सावधान रहने की जरूरत है क्याेंकि हैकर्स आपके फेसबुक पेज काे कभी निशाने पर ले सकते है। हाल में एक ऐसा ही मामला सामने आया है कि जिसमें बगरू निवासी एक महिला पूनम अंकुर छाबड़ा के वैरिफाइड पेज काे हैकर्स ने हैक कर एडमिन राइट्स छीन लिए, चूंकि पेज पर महिला के तीन लाख फॉलोअर्स थे ताे महिला चिंता बढ़ गई।
वहीं हैकर्स ने एडमिन राइट्स देने के लिए पैसे की डिमांड रख दी। चूंकि महिला समाज सेवा से जुड़ी थी और पेज पर पांच साल में इतने फॉलोअर्स बने थे ताे महिला ने अपना पेज रिकवर करने के लिए थाने में एफआईआर करवाई और कमिश्नरेट की सायबर सेल से मदद मांगी। सेल पर एफआईआर दर्ज हाेने के 72 घंटे में पेज रिकवर कर लिया।यूएस-यूके के नंबर से चैटिंग कर रहे थे हैकर्स

कमिश्नरेट में सायबर सलाहकार और सायबर विशेषज्ञ मुकेश चाैधरी ने बताया कि हैकर्स ने पेज के राइट्स लेकर सिर्फ दाे कंट्री के लिए ही विजीबल कर दिया था। हैकर्स यूके और यूएस के नंबर्स से वाट्सअप पर चैटिंग कर पैसे की मांग रहे थे। मामला आया ताे सबसे पहले फेसबुक से मेल के जरिए संपर्क कर पूरे मामले की रिपाेर्ट की और पर्टिकुलर नंबर पर पेज रिकवर करने की रिक्वेस्ट डाली थी।

इसके लिए लाइट चैट के प्रूफ दिए जिससे पेज के लिए महिला की ऑनरशिप साबित हाे सके। करीब 48 घंटे फेसबुक ने वापस पेज रिकवर कर एडमिन दे दिए। हैकर्स ज्यादा ऐसे वैरिफाइड पेज काे निशाना बनाते है, जिनके यूजर्स या फॉलोअर्स की संख्या हजाराें लाखाें में हाेती है।