उत्तरप्रदेश के देवरिया जिले में एक गुरुवार सुबह भटौली बुजुर्ग चौराहे के पास हुए एक हादसे से इलाके में सनसनी मच गई। यहां पति से नाराज पत्नी ट्रेन के आगे कूद गई और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतका के शव को आनन-फानन जला दिया। इसके बाद पुलिस के भय से घर छोड़कर फरार हो गए। ग्राम प्रधान की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोरखपुर देवरिया जनपदों की सीमा पर मझना नाले से लेकर हर संभावित स्थानों पर तलाश में जुट गई। थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
गौरी बाजार क्षेत्र के कालाबन तिलक टोला निवासी पन्ने लाल यादव पुत्र स्वर्गीय गणेश यादव की शादी 10 वर्ष पूर्व रुद्रपुर क्षेत्र के ग्राम एकौना पटवरिया में ब्रह्मदेव यादव की पुत्री शकुंतला देवी से हुई थी। शकुंतला देवी के दो बच्चे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर नाराजगी चल रही थी। बुधवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इससे नाराज महिला ने गुरुवार की सुबह भटौली बुजुर्ग चौराहे के समीप ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन मृतका के शव को उठा ले गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका दाह संस्कार कर दिया। इसके बाद घर छोड़कर फरार हो गए।