क्या 1 जून से Unlock होगी दिल्ली!, आज अहम बैठक में हो सकता है फैसला

दिल्ली में कोरोना में मामलों में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। 24 मार्च को संक्रमण दर 1.52% थी इसके बाद इसमें लगातार बढ़ोतरी हुई है। वहीं, गुरुवार को मिले मरीजों के बाद दिल्ली में संक्रमण दर घटकर 1.53% हो गई है, जो पिछले 64 दिन में सबसे कम है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 1,072 नए मामले आए हैं और 117 मरीजों की मौत हुई। वहीं, इस बीच आज शुक्रवार को डीडीएमए की बैठक होने वाली है। इस बैठक में अनलॉक को लेकर भी चर्चा हो सकती है। मालूम हो कि दिल्ली में 20 अप्रैल से लॉकडाउन चल रहा है और यह 31 मई सोमवार सुबह 5 बजे खत्म हो रहा है। यह बैठक शुक्रवार को सुबह साढ़े 11 बजे के आसपास होगी। इस अहम बैठक में उपराज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में राजधानी दिल्ली में कोरोना की स्थिति और कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर चर्चा की जाएगी। इसी बैठक में अनलॉक को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

वहीं, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का पुनर्गठन किया गया है। उपराज्यपाल इसके अध्यक्ष व दिल्ली के मुख्यमंत्री डीडीएमए के उपाध्यक्ष होंगे। राजस्व मंत्री इसके सदस्य होंगे। दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव डीडीएमए के सीईओ होंगे। प्रधान सचिव (राजस्व) डीडीएमए के संयोजक होंगे। इसके सदस्यों में दिल्ली सरकार के प्रधान सचिव (गृह), पुलिस आयुक्त, निदेशक (स्थानीय निकाय) एवं गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव को शामिल किया गया है।