क्या 14 अप्रैल के बाद भी जारी रहेगा लॉकडाउन? सरकार की तरफ से आया बयान

कोरोना वायरस महामारी को भारत में फैलने से रोकने के लिए देश में 21 दिनों के लिए लॉकडाउन लगाया गया है। यह आगामी 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। अब इस लॉकडाउन को खत्म होने में कुछ ही दिन बाकी है ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या यह लॉकडाउन आगे चलेगा या नहीं। इसे लेकर अब सरकार की तरफ से रिएक्शन आया है। कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर (Prakash Javedkar) से इस बाबत सवाल पूछ गए तो उन्होंने इसका जवाब दिया। प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि हम हर मिनट दुनिया की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। राष्ट्रहित में निर्णय लिया जाएगा। सही समय आने पर इस बारे में फैसला लिया जाएगा और आपलोगों को जानकारी दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के कई समूह स्थिति का आंकलन कर रहे हैं।

बता दें कि देश में कोरोना वायरस संक्रमित लोगों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक मरीजों की संख्या ने 4 हजार का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत में कोरोनावायरस से अबतक 109 लोगों की मौत हो चुकी है।