ममता बनर्जी ने सोनिया की बैठक का किया बहिष्कार, कांग्रेस पर गंदी राजनीति करने का लगाया आरोप

13 जनवरी को दिल्ली में होने वाली विपक्षी पार्टियों की बैठक से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किनारा कर लिया है। ममता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और वामदल पश्चिम बंगाल में गंदी राजनीति कर रहे हैं। आपको बता दे, इस बैठक को सोनिया गांधी ने आयोजित किया है। बुधवार को ममता बनर्जी ने वामदलों और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि जिनका राज्य में कोई राजनीतिक अस्तित्व नहीं है वह हड़ताल की सस्ती राजनीति कर राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि वह अब अकेले नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगी।

ममता ने कहा था कि वह केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, सीएए और प्रस्तावित एनआरसी के विरोध में बुलाए गए बंद के मकसद का समर्थन करती हैं लेकिन उनकी पार्टी और सरकार किसी भी प्रकार के बंद के विरोध में हैं।

ममता बनर्जी ने दक्षिणी चौबीस परगना जिले में कहा था कि हम बंगाल में किसी भी प्रकार की हड़ताल का समर्थन नहीं करेंगे। जिनका राज्य में कोई राजनीतिक अस्तित्व नहीं है वह हड़ताल जैसी सस्ती राजनीति कर राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। हम उन्हें राज्य में हड़ताल नहीं करने देंगे।