विशाखापट्टनम / संपत्ति का विवाद, पिता ने बेटे की हथौड़े से की हत्या, किया सरेंडर

प्रॉपर्टी विवाद के चलते पिता ने बेटे की हत्या कर दी। यह घटना आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से सामने आई है। पिता का नाम वीरा राजू बताया गया है। वीरा ने बेटे के सिर पर पीछे से आकर हथौड़े से कई वार किए। बेटा जमीन पर गिर गया। घटना घर के बरामदे में हुई। इसके पास ही कार पार्किंग है। वीरा का 40 साल का बेटा एक स्टूल पर बैठा हुआ है। कुछ पल बाद वीरा वहां पहुंचता है। बेटे की पीठ वीरा राजू के सामने थी। यानी बेटा यह नहीं देख पाया कि उसका पिता क्या कर रहा है। वीरा के हाथ में एक हथौड़ा था। उसने बेटे के सिर पर एक के बाद एक कई वार किए। बेटा निढाल और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद पिता आराम से वहां से चला गया। कुछ देर बाद उसने पुलिस थाने जाकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने घटना का सीसीटीवी फुटेज बरामद कर लिया है। आगे की जांच जारी है।

संपत्ति विवाद चल रहा था

पुलिस के मुताबिक, वीरा और उसके बेटे के बीच लंबे वक्त से संपत्ति विवाद चल रहा था। एक दिन पहले दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई थी। एक पुलिस अफसर ने कहा- वीरा ने बेटे जलराजू की हत्या की है। उसने जुर्म कबूल कर लिया है। दोनों के बीच प्रॉपर्टी विवाद चल रहा था। जलराजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। हमने मर्डर केस दर्ज कर लिया है। आगे तफ्तीश जारी है। वीरा को फिलहाल न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।