महाराष्ट्र: कांग्रेस के दिग्गज नेता शिवराज पाटिल की बहू भाजपा में शामिल

मुम्बई। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल की बहू अर्चना पाटिल चाकुरकर शनिवार को महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और अन्य पार्टी नेताओं की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गईं।

मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि अर्चना पाटिल चाकुरकर के शामिल होने से लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र में भाजपा मजबूत होगी।

फड़णवीस ने कहा, यह हमारे लिए खुशी की बात है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री रहे शिवराज पाटिल के परिवार से कोई हमारी पार्टी में शामिल हो रहा है। यह बहुत बड़ी बात है। .. इससे पार्टी मजबूत होगी...''।

शुक्रवार को चाकुरकर ने फड़णवीस से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। वह उदगीर में लाइफकेयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की चेयरपर्सन हैं और उनके पति शैलेश पाटिल चंदुरकर कांग्रेस के राज्य सचिव हैं।

अर्चना के ससुर, शिवराज पाटिल ने 10 जुलाई, 1991 से 22 मई, 1996 तक लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। 2004 और 2008 के बीच, उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन के तहत यूपीए सरकार में केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में भी कार्य किया।

पाटिल 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के दौरान भी केंद्रीय गृह मंत्री थे, जिसमें कम से कम 192 लोगों की जान चली गई थी। हमलों के बाद हुई आलोचना के बाद उन्होंने 30 नवंबर 2008 को पद से इस्तीफा दे दिया था।

इससे पहले इसी साल फरवरी में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व विधायक बसवराज पाटिल भाजपा में शामिल हुए थे। महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटें हैं, जिन पर 19 अप्रैल से पांच चरणों में मतदान होगा।