उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की पत्नी एवं पूर्व मंत्री अमृता रावत की जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण की पुष्टि होने से राज्य मंत्रिमंडल में हड़कंप मच गया है क्योंकि मंत्री ने शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में हिस्सा लिया था और इस दौरान अधिकारियों के साथ भी बैठकें करते रहे हैं।
मंत्री के विशेष कार्याधिकारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि शनिवार शाम एक निजी प्रयोगशाला से मिली अमृता रावत की जांच रिपोर्ट में उनके कोविड-19 (Covid-19) से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमृता पूर्ववर्ती हरीश रावत सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। शर्मा ने बताया कि सतपाल महाराज और उनका परिवार घर में पृथक-वास में रह रहा है।
बता दे, उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 749 हो गई है। वहीं इस वायरस से 5 लोगों की मौत हो चुकी है।