उत्तराखंड : मुख्यमंत्री आवास पर दिवाली जैसा माहौल, 5100 घी के दियों से जगमगाएगा परिसर

आज 5 अगस्त, 2020 का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहे हैं क्योंकि आज 492 साल बाद अयोध्या में फिर से राम मंदिर बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेलिकॉप्टर अयोध्या में लैंड कर चुके हैं और जल्द ही वे मंदिर परिसर में पहुँचने वाले हैं। इसको लेकर देशभर में खुशियों भरा माहौल हैं। इस मौके पर क्या पक्ष क्या विपक्ष हर कोई उत्साहित है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर शिलान्यास पर आज उत्तराखंड मुख्यमंत्री आवास पर दिवाली जैसा माहौल रहेगा क्योंकि परिसर 5100 घी के दियों से जगमगाएगा। उधर, प्रदेश भाजपा कार्यालय पर दीपोत्सव के साथ सुंदर कांड का पाठ होगा। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश वासियों से भी घरों में दीपोत्सव मनाने की अपील की है। उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत के निर्देश पर प्रदेश और जिला कार्यालय में दीपोत्सव व रंगोली के कार्यक्रम होंगे। इस दौरान सुंदर कांड का पाठ होगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन), वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान सामाजिक दूरी का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन के अनुसार अयोध्या से भूमि पूजन का सीधा प्रसारण होगा। पार्टी कार्यालय में सीधा प्रसारण बड़े पर्दे पर देखा जाएगा। साढ़े चार बजे से सुंदर कांड का पाठ और सूर्यास्त होने पर पार्टी कार्यालय दीपक की रोशनी से जगमगाएगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय के अतिरिक्त प्रदेश में संभाग कार्यालय हल्द्वानी, जिला कार्यालयों व कार्यकर्ताओं व जन सामान्य द्वारा अपने अपने स्थानों व निवास पर दीपोत्सव मनाया जाएगा।