यूपीः योगी सरकार ने बदले चार स्टेशनों के नाम

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार (Yogi Government) ने पिछले साल मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर कर दिया था। वहीं, इस साल जनवरी में यूपी कैबिनेट ने मुगलसराय तहसील का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय तहसील करने के फैसले को मंजूरी दी है। इसके साथ ही इलाहाबाद शहर का नाम बदलने के बाद अब वहां के रेलवे स्टेशन का भी नाम बदल दिया है। प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण के मुताबिक, इस बाबत लोक निर्माण विभाग ने केंद्र सरकार से एनओसी मिलने के बाद अधिसूचना जारी कर दी है।

इलाहाबाद जंक्शन - प्रयागराज जंक्शन (नया नाम)
इलाहाबाद सिटी - प्रयागराज रामबाग (नया नाम)
इलाहाबाद छिवकी - प्रयागराज छिवकी (नया नाम)
प्रयागघाट - प्रयागराज संगम (नया नाम)

यूपी की सत्ता में आने के बाद से ही योगी सरकार ने नाम बदलने का सिलसिला जारी रखा है। सबसे पहले मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलकर जनसंघ के संस्थापक सदस्य दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखा गया था। इसके बाद इलाहाबाद का नाम बदल प्रयागराज रखा। इसके अलावा फैजाबाद जिले का का नाम बदलकर अयोध्या रखा गया है।