30 घंटे हिरासत में रखने के बाद सीतापुर पुलिस ने प्रियंका गांधी को किया गिरफ्तार, शांति भंग और धारा-144 के उल्लंघन का आरोप

लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने पहुंचीं प्रियंका गांधी को सीतापुर स्थित पीएसी के गेस्ट हाउस में 30 घंटे हिरासत में रखने के बाद UP पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रियंका के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन और शांतिभंग की आशंका जैसी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस कुछ देर में उन्हें कोर्ट में पेश करेगी। इससे पहले प्रियंका ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया था। उन्होंने किसानों को जीप से कुचलने का वीडियो शेयर करते हुए पूछा है, 'आप आजादी का अमृत उत्सव मनाने लखनऊ आए हैं। आपने लखीमपुर खीरी का यह वीडियो देखा है। जिसमें आपकी सरकार के एक मंत्री के बेटे की गाड़ी के नीचे किसानों को कुचलते हुए दिखाया गया है।' प्रियंका ने पीएम मोदी से पूछा कि मंत्री और उनका बेटा अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुए हैं? आप इस वीडियो को देखिए और देश को बताइए कि मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया? और मेरे जैसे विपक्षी नेताओं को बिना किसी FIR के हिरासत में क्यों रखा हुआ है?

उधर प्रियंका की गिरफ्तारी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने गेस्ट हाउस के बाहर बैरिकेड्स तोड़ दिए और नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी झड़प हो गई, क्योंकि कार्यकर्ता खाना बनाने का सामान और टेंट लेकर पहुंच गए थे और पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि जिसे हिरासत में रखा है। वो डरती नहीं है- सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी!। सत्याग्रह रुकेगा नहीं।#FarmersProtest

बता दें पुलिस ने प्रियंका समेत 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, इनमें कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी शामिल हैं।