राजस्थान सरकार के मंत्री डोटासरा भी राहुल गांधी के साथ हाथरस हुए रवाना, कहा - ना डरेंगे, ना थकेंगे और ना रुकेंगे

हाथरस गैंगरेप कांड को लेकर कांग्रेस लगातार योगी सरकार पर हमला बोल रही है। वहीं, आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर हाथरस के लिए रवाना हो गए है। दिल्ली से हाथरस जाने के लिए राहुल गांधी पूरे लाव-लश्कर के साथ निकले। राहुल की कार बहन प्रियंका गांधी खुद चला रही हैं। राहुल और प्रियंका के साथ 35 सांसदों का डेलीगेशन जा रहा है। अपने नेता को देख उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। इस दौरान उनके साथ राजस्थान पीसीसी चीफ और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद है। इसकी जानकारी गोविंद सिंह डोटासरा ने खुद ट्वीट कर दी। उन्होंने लिखा कि हाथरस में पीड़िता के परिवारजनों से राहुल गांधी जी मिलने जा रहे हैं और हम उनके साथ निकले हैं।

गोविंद सिंह डोटासरा ने आगे लिखा कि राहुल जी ना डरेंगे, ना थकेंगे और ना रुकेंगे। दलित बेटी का अपमान और परिजनों पर अत्याचार का बदला उत्तरप्रदेश की अत्याचारी सरकार को हटा के लेंगे। उन्होंने लिखा कि हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिजनों का दुख बांटने जा रहे राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी के साथ हुआ अशोभनीय व्यवहार यूपी सरकार के कुशासन को दर्शाता है। पूरा देश मोदी जी और योगी जी की अराजकता को देख रहा है। राहुल गांधी जी को पीड़ित परिवार से मिलने से कोई नहीं रोक सकता।

राहुल गांधी को रोकने की पूरी तैयारी

वहीं, डीएनडी पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। नोएडा पुलिस ने डीएनडी पर सबसे आगे महिला पुलिस ने ह्यूमन चेन बनाई है। उसके पीछे पुरुष पुलिसकर्मियों की ह्यूमन चेन है। उसके बाद पुलिस के बैरिकेड हैं। चाकचौबंद व्यवस्था का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि डीएनडी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ज्यादा पुलिस तैनात है। नोएडा पुलिस का कहना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश की सीमा में नहीं घुसने दिया जाएगा। इसके तहत डीएनडी पर ही नोएडा में प्रवेश करने से रोक दिया जाएगा।

बता दे, इससे पहले कांग्रेस नेता केसी वेणु गोपाल ने शनिवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी थी कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार हाथरस जाएंगे। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर 1:30 बजे उनका काफिला नोएडा डीएनडी पहुंचेगा। इसके बाद यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए हाथरस जाएगा।

बता दे, हाथरस जिले के चंदपा इलाके के बुलगढ़ी गांव में 14 सितंबर को 4 लोगों ने 19 साल की युवती से गैंगरेप किया था। आरोपियों ने युवती की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी जीभ भी काट दी थी। दिल्ली में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई। चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि दुष्कर्म नहीं हुआ था।