गोरखपुर: गंदी नियत के साथ आधी रात को पड़ोसी महिला के कमरे में घुसा युवक, लहूलुहान होकर वापस लौटा

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में महिला द्वारा अपने पड़ोस के युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। यहां झंगहा इलाके के दुबौली गांव में रविवार की रात करीब एक बजे की घटना है। हमले के बाद लहूलुहान युवक शोर मचाते हुए छत पर पहुंचा। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। महिला का आरोप है कि पड़ोसी युवक दुष्कर्म की नीयत से घर में घुसा था। पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया है। वहीं घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, झंगहा के दुबौली गांव निवासी उमालाल चौहान (40) के पड़ोस में ही रंचना नाम की महिला रहती है। बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच अच्छी बातचीत थी। किसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। महिला रंचना के पति नरेंद्र बाहर रहते हैं। इस वजह से वह घर पर अकेली ही रहती हैं और आत्मरक्षा के लिए तकिए के नीचे रोजाना चाकू लेकर सोती हैं।

रविवार की रात में करीब एक बजे छत के रास्ते उनके घर में पड़ोसी उमालाल घुस गए। खटपट की आवाज होने पर रंजना की नींद खुल गई और उन्होंने चाकू से वार कर दिया। लहूलुहान उमालाल चीख पड़े और उलटे पांव छत के रास्ते ही अपनी छत पर जाकर शोर मचाने लगा। रात में शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए और फिर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब रंचना घर से फरार हो गई थी लेकिन फिर पुलिस ने खोजकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घायल के भतीजे प्रशांत की तहरीर पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया है।

वहीं रंचना का कहना है कि उमालाल उनके घर में दुष्कर्म के इरादे से घुसा था। घटना की असल वजह अभी तक सामने नहीं आई है। थानेदार संजय मिश्रा का कहना है कि असल वजह की जांच की जा रही है। फिलहाल अभी हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर आरोपी महिला को जेल भेजा गया है। चाकू बरामद कर लिया गया है। उमालाल के गले पर गहरा जख्म की वजह से उसका बयान दर्ज नहीं किया जा सका है। उमालाल संविदा बिजली कर्मचारी हैं। उनकी तैनाती के पास ही गजाईकोल उपकेंद्र पर है। वह तीन बच्चों के पिता हैं। घटना के समय पत्नी और बच्चे घर में सोए हुए थे।