उत्तर प्रदेश / सिद्धार्थनगर में मरीजों की संख्या हुई 200 के पार, आज मिले डॉक्टर-नर्स समेत 20 नए मरीज

कोरोना वायरस महामारी के चेन को तोड़ने के लिए तमाम प्रयास हो रहे हैं, इसके बावजूद इसकी रफ्तार धीमी नहीं पड़ रही है। बीते 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में 592 नए केस मिले। इसके साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 17 हजार 194 पहुंच गया है। वहीं, 22 की जान गई। अब तक 592 मरीजों की मौत हो चुकी है। राहत की बात है कि 374 मरीज स्वस्थ्य हुए। राज्य में अब तक कुल 10 हजार 369 मरीज स्वस्थ्य हो गए हैं। उधर, उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में रविवार सुबह 2 डॉक्‍टर, 2 नर्स और एक फार्मासिस्‍ट सहित 20 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिले में अब तक मिले कोरोना मरीजों की तादाद 205 हो गई है। इनमें से 154 ठीक होकर अस्‍पताल से डिस्‍चार्ज हो चुके हैं जबकि 8 की मौत हो गई।
रविवार को संक्रमित मिले डॉक्‍टर, नर्स और फार्मासिस्‍ट जिले में बने कोविड-19 (Covid-19) अस्‍पताल में तैनात थे। लगातार ड़यूटी के बाद एक सप्‍ताह पहले ही उन्‍हें रेस्‍ट पर भेजा गया था। 13 जून को उनके नमूने लिए गए। रविवार को कोरोना जांच की रिपोर्ट में संक्रमित पाए जाने के बाद उनके सम्‍पर्क में आए अन्‍य लोगों की तलाश की जा रही है।