कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में उत्तर प्रदेश में तेजी आ गई है। पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते पिछले 24 घंटे में आए 817 नए मामलों के साथ राज्य में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 16 हजार 594 है। इसमें से 9 हजार 995 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। फिलहाल, कोरोना के 6 हजार 92 संक्रिय मामले हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं, कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वालों की संख्या 507 हो गई है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के अमेठी से बारात लेकर निकले दूल्हा और उसके पिता शादी समारोह पहुंचने की जगह अस्पताल पहुंच गए। दरअसल, दोनों की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जिसके बाद पुलिस ने दोनों को रास्तें से ही पकड़कर अस्पताल पहुंचा दिया। ये घटना अमेठी के शुक्ल बाजार की है, बारात बाराबंकी के हैदरगढ़ जा रही थी और इस बीच दूल्हे और उसके पिता की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।
पुलिस ने बाराबंकी बॉर्डर से दोनों को पकड़ कर अस्पताल में भर्ती कराया है। दरअसल शुक्ल बाजार निवासी एक व्यक्ति और उस के बेटे की कई दिनों से तबीयत खराब थी। डॉक्टर ने दोनों को कोरोना जांच की सलाह दी थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए सैंपल ले गई थी। शुक्रवार को बेटे की बारात जानी थी। शादी स्थगित नहीं करने का फैसला लिए दोनों ने बारात ले जाने का निर्णय लिया। इसलिए जांच रिपोर्ट आए बिना ही दूल्हे के पिता बाराबंकी के हैदरगढ़ के लिए निकल पड़े।
उधर रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए उनके घर लेने पहुंच गई। जहां टीम को पता चला कि बाप बेटे दोनों बारात लेकर बाराबंकी चले गए हैं। स्वास्थ विभाग ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस हरकत में आई और बाप बेटे को बाराबंकी बॉर्डर पर पकड़ लिया और स्वास्थ्य विभाग की टीम के हवाले कर दिया, जिसके बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।