सपा और बसपा में बढती नजदीकियों को लेकर योगी आदित्यनाथ ने कसा तंज

उत्तर प्रदेश में दो सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर सपा और बसपा में समर्थन की खबरों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों पार्टियों पर तंज कसते हुए भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि 'कह रहीम कैसे निभे, केर-बेर को संग'। प्रेसवार्ता के दौरान सीएम योगी से जब पूछा गया कि वह यूपी में समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की बढ़ रही नजदीकियों को किस रूप में देखते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि 'कह रहीम कैसे निभे, केर-बेर को संग'। जिस तरह केर और बेर एक साथ नहीं रह सकते, उसी तरह नजदीक आने का प्रदर्शन कर रहे दोनों दलों की दूरियां कम नहीं हो सकतीं।

जब उनसे पूछा गया कि इसमें कौन केर है और कौन बेर है तो उन्होंने कहा कि स्टेट गेस्ट हाउस कांड किसने करवाया था। लखनऊ में बने स्मारकों को ध्वस्त करने की चेतावनी कौन दे रहा था। यह साफ है कि दोनों में एक केर है और एक बेर। उन्होंने कहा कि केर और बेर एक साथ नहीं रह सकते।

रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने यह भी कहा कि जब सूर्योदय होता है तब सूर्य का रंग केसरिया होता है और सूर्यास्त के समय रंग लाल होता है। उसी तरह समाजवादी पार्टी (एसपी) की टोपी भी लाल है और उसका भी अस्त होने का समय आ गया है। फूलपुर संसदीय सीट पर लोकसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी कौशलेंद्र सिंह पटेल के समर्थन में नवाबगंज में आयोजित एक जनसभा में योगी ने पूर्व की एसपी सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती एसपी सरकार में बिजली प्रदेश के केवल चार जिलों में मिलती थी। हमने प्रदेश में बिजली का समान वितरण सुनिश्चित किया।