अयोध्या: सरयू नदी में एक ही परिवार के 12 लोग डूबे, 8 को बचाया गया, 4 लापता

उत्तर प्रदेश के अयोध्या (Ayodhya) में बड़ा हादसा हो गया है। शुक्रवार दोपहर यहां प्रसिद्ध गुप्तार घाट पर सरयू में स्नान करते समय 12 लोग डूब गए हैं। लोगों की तलाश की जा रही है। जिनमें से 8 लोगों का रेसक्यू किया जा चुका है तो वहीं 4 की तलाश अभी भी जारी है। पता चला कि आगरा से चार परिवार के 15 लोग अयोध्या धाम घूमने आए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन का खुद एसएसपी शैलेश पांडे नेतृत्व कर रहे हैं। पता चला है कि गुप्तार घाट के आखरी छोर पर परिवार स्नान कर रहा था। पैर फिसलने के बाद सरयू के गहराई में 12 लोग चले गए।

लोगों के डूबने की सूचना फौरन पुलिस को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस गोताखोर मौके पर रेस्क्यू कर रही है। वहीं हादसे की सूचना पर आला अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। जल पुलिस के साथ ही स्थानीय गोता खोरों की भी मदद ली जा रही है। सरयू में जलस्तर में बढ़ने के कारण बचाव में परेशानी आ रही है। पता चला है कि ये परिवार आगरा से अयोध्या धाम घूमने आया था। सभी थाना कैंट क्षेत्र में गुप्तार घाट में स्नान कर रहे थे। पूरा परिवार आगरा के सिकंदरा का निवासी बताया जा रहा है। परिवार के एक शख्स सतीश ने बताया कि चार परिवार दो गाड़ियों में आगरा से आए थे। इन लोगों ने मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद घाट पर बैठे थे। बारिश के कारण फिसलन थी। एक-एक कर सभी बहते चले गए।

अयोध्या के गुप्तार घाट पर 12 लोगों के डूबने की घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौक़े पर पहुंचकर लोगों को जल्द से जल्द रेस्क्यू कराने के निर्देश दिये हैं। लोगों की सकुशल तलाश के लिए पीएसी के गोताखोर लगाने के भी निर्देश दिये गये हैं।