UP Block President Election: अखिलेश का पप्पू यादव को जवाब- हां हमसे न हो पाएगा, लेकिन 2022 में...

ब्लॉक प्रमुख के चुनाव से पहले नामांकन के दौरान उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में हुई हिंसा पर अब राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने इस मसले में योगी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, हिंसा को लेकर पप्पू यादव ने योगी सरकार से ज्यादा अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने पप्पू यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि बाबू अखिलेश यादव जी, आप से न हो पाएगा सड़क पर संघर्ष।

पप्पू यादव के तंज पर सपा प्रमुख का जवाब

अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पप्पू यादव (Pappu Yadav) के तंज पर भी जवाब दिया। अखिलेश यादव ने कहा, 'हां, हमसे ना हो पाएगा। लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है, यूपी में जल्द ही बदलाव की लहर चलेगी।' अखिलेश यादव ने साफ किया कि 2022 में यूपी में सपा का ही परचम लहराएगा। उन्हेंने सपा सरकार में हुए कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में अब सपा का लेपटॉप चलेगा, सपा की एंबुलेंस चलेगी और सपा के बनाए हुए एक्सप्रेस वे चलेंगे।

पप्पू यादव का ट्वीट

आपको बता दें कि शुक्रवार सुबह ही जन अधिकार पार्टी के पप्पू यादव ने ट्वीट कर अखिलेश पर निशाना साधा था। पप्पू यादव ने लिखा था, 'बाबू अखिलेश यादव जी, आप से न हो पाएगा, सड़क पर संघर्ष! इतनी बड़ी पार्टी, इतना संसाधन हो तो BJP वालों की गुंडई और ढोंगी के दुःशासन का होश ठिकाने लगा देता! एक बहन का बीच सड़क पर चीरहरण और आप आराम से बैठे हो! जेल से निकलता हूं, संघर्ष के लिए पार्टी आउटसोर्स कर दीजिएगा! फिर दिखाते हैं।'

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में बीते दिन ब्लॉक प्रमुख चुनावों को लेकर नामांकन किया जा रहा था। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जमकर हिंसा हुई है। सिद्धार्थनगर, अंबेडकरनगर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी समेत अन्य जिलों में गोलीबारी, हिंसा, तोड़फोड़ दर्ज हुई।