गैस सिलेंडर लीक होने से मजदूर के घर में लगी आग, 6 महीने की मासूम बच्ची जिंदा जली, पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलसे

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक मजदूर के घर में गैस सिलेंडर लीक होने के कारण अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से 6 महीने की मासूम जिंदा जल गई। जबकि पिता और बेटे गंभीर रूप से झुलस गए हैं। आस-पास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। आग से झुलसे बाप-बेटे को हॉस्पिटल में भर्ती कराया है और बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।

जानकारी के अनुसार बेलोठ के रहने वाले डोरीलाल मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। बुधवार की रात डोरी लाल के घर की बिजली नहीं आ रही थी। इस पर उसकी पत्नी राजकुमारी मोमबत्ती जला कर घर का काम कर रही थी। उसी समय घर में रखा गैस सिलेंडर लीक होने लग गया। काम खत्म करने के बाद राजकुमारी अपनी 6 माह की धेवती के लिए दूध गर्म करने गई। जैसे ही उसने गैस जलाई सिलेंडर में आग लग गई। आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में सो रहे डोरी लाल, उसके बेटे ऋषि को संभालने का मौका भी नहीं मिला। आग में राजकुमारी की 6 माह की धेवती जिंदा जल गई, जबकि डोरीला और ऋषि गंभीर रूप से झुलस गए।

आग लगने पर घरवालों की चीख पुकार सुनकर आस-पास के लोग पहुंचे। उन्होंने बड़ी मुश्किल से आग बुझाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। मगर, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्ची ने दम तोड़ दिया था। आग में झुलसे दोनों लोगों के इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।