उत्तर प्रदेश: प्रयागराज के किनारे बसे 700 घरों में बाढ़ का पानी भरा

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश से पानी छोड़े जाने के कारण प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर खतरे की निशान की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। यहां NDRF और SDRF को अलर्ट किया गया है। हमीरपुर में यमुना और बेतवा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि जालौन में स्टेट हाइवे पर यमुना का पानी आ गया है। प्रयागराज के किनारे वाले इलाकों में करीब 700 मकानों में बाढ़ का पानी घुस गया है। आशंका है कि शनिवार तक 3000 मकानों तक बाढ़ का पानी पहुंच जाएगा।

इटावा में भी भारी बारिश के बाद यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। साथ ही नदी के किनारे बसे कई गांव पानी में डूब गए हैं। वहीं, वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गंगा की उफनाई लहरों ने घाटों को अपने आगोश में ले लिया है। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर प्रति घंटा 6 सेंटीमीटर तक बढ़ने से लोगों को चिंता में डाल दिया है। वाराणसी में अगर गंगा का जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में घाट से सटे कई इलाकों तक पानी पहुंच सकता है।