मुंबई : गिरा निर्माणाधीन ब्रिज का बड़ा हिस्सा, कोई जनहानि नहीं, जान बचाने कोई नाले में कूदा तो कुछ रॉड पकड़ लटके

शुक्रवार सुबह मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का बड़ा हिस्सा ढ़हने से हडकंप मच गया। घटना सुबह करीब 4:30 बजे के आसपास हुई। हादसे के दौरान ब्रिज पर 24 लोग काम कर रहे थे और इसमें से 21 मजदूर, दो इंजीनियर और एक सुपरवाइजर शामिल था। ब्रिज को गिरता देख सभी ने अपनी जान बचाने का प्रयास किया और इसके लिए कुछ पास के नाले में कूद गए तो कुछ रॉड पकड़ लटक गए। मौके पर पहुंचे जोन 8 के DCP मंजुनाथ सिंगे ने कहा कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हादसे की वजह अभी क्लियर नहीं है। इंटर्नल जांच शुरू कर दी गई है। सभी घायलों को वीएन देसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस पुल के जरिए MTNL कॉर्नर को बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स से जोड़ा जा रहा है। इस ब्रिज के निर्माण के बाद से बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स तक आने वाले रास्ते पर ट्रैफिक कम होने की संभावना थी। हालांकि, शुरू होने से पहले ही इसके गिरने के बाद अब विपक्ष को फिर से सरकार को घेरने का बड़ा मौका मिल गया है। मामले की जानकारी मिलते ही दमकल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कुछ देर के प्रयास के बाद सभी को सही नाले से बाहर निकाल लिया हॉस्पिटल पहुंचा दिया गया। पुलिस के मुताबिक, जिस दौरान दुर्घटना हुई ब्रिज पर काम जारी था। इस दुर्घटना में घायल हुए सभी लोग ब्रिज के ऊपर ही काम कर रहे थे। ऊंचाई से गिरने के कारण ही ये सभी घायल हुए हैं।