भारत के खिलाफ बड़ी साजिश नाकाम, जासूसी करते पाक उच्चायोग के दो अफसर गिरफ्तार

पाकिस्तानी दूतावास के दो अफसरों को रविवार को जासूसी करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। दोनों अधिकारी जासूसी में लिप्त पाए गए हैं। न्यूज एजेंसी ने यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों अफसरों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया। इनके नाम आबिद हुसैन और ताहिर खान हैं। रंगे हाथ पकड़े गए आबिद हुसैन और ताहिर हुसैन उच्चायोग के वीजा सेक्शन में काम करते हैं। दोनों ही आईएसआई (ISI) के लिए काम करते थे। दोनों घूमने के लिए जाली पहचान पत्रों का इस्तेमाल भी करते थे। भारत ने दोनों को पर्सोना-नॉन ग्रेटा घोषित किया है। दोनों को कल भारत छोड़ना है।

पर्सोना नॉन ग्राटा का अर्थ होता है कि ऐसा व्यक्ति जो किसी राजनयिक मिशन पर है और संबंधित देश (जिसमें वो तैनात है) में उसकी गतिविधियां गलत पाई गई हैं। भारत अब इन दोनों को पाकिस्तान वापस भेजेगा।
बता दे, पिछले काफी वक्त से दिल्ली पुलिस की इन दोनों अधिकारियों पर नजर थी। शक के आधार पर दिल्ली पुलिस ने एक ऑपरेशन चलाया और रंगे हाथ दोनों को हिरासत में लिया।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

अफसरों की गिरफ्तारी के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, 'पाकिस्तान हाईकमीशन के दो अफसरों को नई दिल्ली में जासूसी करते पकड़ा गया है। भारत की जांच एजेंसियों ने यह कार्रवाई की है। सरकार ने इन्हें पर्सोना नॉन ग्राटा घोषित करते हुए 24 घंटे में देश छोड़ने को कहा है। पाकिस्तान को एक डिमार्शे (कूटनीतिक मांग पत्र) भी सौंपा गया है। इसमें उसके अफसरों द्वारा भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ किए जा रहे कामों पर सख्त विरोध दर्ज कराया गया है। पाकिस्तान से कहा गया है कि वो यह तय करे कि उसके अफसर राजनयिक नियमों के तहत जिम्मेदारी का परिचय दें।'