महाराष्ट्र में पैर पसार रहा कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट, मिले दो और मरीज; कुल संक्रमितों की संख्या हुई 10

महाराष्ट्र में कोरोना का ओमीक्रॉन वैरिएंट तेजी से अपने पांव पसार रहा है। दो और मरीज मिलने के बाद प्रदेश में अब कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। 25 नवंबर को जोहांसबर्ग से 37 साल का व्यक्ति मुंबई आया था। उसके साथ ही उसकी एक दोस्त अमेरिका से मुंबई आई थी। अब दोनों ओमीक्रॉन संक्रमित पाए गए हैं। हैरानी की बात ये है कि विदेश से लौटे दोनों ही लोग फाइजर वैक्सीन लगवा चुके हैं। वैक्सीनेशन कराने के बाद भी दोनों कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों का इलाज मुंबई के 7 हिल्स अस्पताल में चल रहा है। एक के बाद एक नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार जांच की जा रही है। कोरोना वैक्सीन का भी कोई असर नए वैरिएंट पर होता नहीं दिख रहा है।

जोहांसबर्ग और अमेरिका से लौटे दोनों लोगों में संक्रमण का कोई भी लक्षण नहीं मिला है। टेस्ट में दोनों नए वैरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं। इनसे संपर्क में आए लोगों की भी पहचान कर ली गई है। विदेश से लौटे लोगों के संपर्क में आए 5 हाईरिस्क कॉन्टेक्ट और 315 लो रिस्क कॉन्टेक्ट की पहचान की गई है। इन सभी की भी जांच की जाएगी।

महाराष्ट्र में रविवार को ओमीक्रॉन के 8 नए मामले मिलने से हड़कंप मच गया था। इसके बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर था। पिंपरी चिंचवाड़ जिले में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 7 लोगों के सैंपल्स जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। इसमें सभी में कोरोना के नए वैरिएंट की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद सभी को क्वारंटीन कर दिया गया था।