राजसमंद : पुलिसकर्मियों ने दिखाया बड़ा दिल, 2 लाख रुपए इकट्‌ठा कर किया दिवंगत साथी की बेटियों का कन्यादान

राजसमंद से एक दिल को छू लेने वाली घटना सामने आई जहां पुलिसकर्मियों ने बड़ा दिल दिखाते हुए अपने दिवंगत साथी की बेटियों का कन्यादान करने के लिए 2 लाख रुपए इकट्‌ठा किए। कांकरोली थाने में करीब 45 लोगों का स्टाफ है। सभी सहमत हुए कि उनकी बेटियों की शादी में हमें कन्यादान करना चाहिए। किसी पर कोई दबाव नहीं था। थाने के सभी पुलिसकमियों ने अपनी श्रद्धा अनुसार सहयोग राशि दी। दोनों बेटियों की शादी से 6 दिन पहले उनके पिता (हेड कॉन्स्टेबल) कैंसर से जंग हार गए थे। रविवार शाम को शादी हुई तो उनके पिता के साथियों ने 2 लाख रुपए इकट्‌ठा कर कन्यादान किया। यह देखकर दोनों बहनें भी अपने आंसू नहीं रोक पाईं।

कैंसर पीड़ित हेड कॉन्स्टेबल मांगीलाल सरगरा कांकरोली थाने में तैनात थे। उनकी बेटी ममता व कविता की 28 नवंबर को शादी तय थी। शादी से 6 दिन पहले मांगीलाल की मौत हो गई। परिवार में खुशी का माहौल गम में बदल गया। 28 नवंबर को देसूरी में सादगी भरे समारोह में ममता व कविता ने फेरे लिए। राजसमंद के कांकरोली थाने के ASI जसवंतसिंह, कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार, अरविंद कुमार, जीत राम, लीलादेवी भी पहुंचे। उन्होंने 2.11 लाख रुपए का कन्यादान किया। कांकरोली (राजसमंद) थाना प्रभारी योगेन्द्र व्यास ने बताया कि मुंह के कैंसर के चलते फरवरी से मांगीलाल सरगरा छुट्टी पर चल रहे थे। उनकी बेटी की शादी में कन्यादान कर थाने के स्टाफ ने अपना कर्तव्य निभाया है।