जलजोग चौराहे के पास सिंधी कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति को ऑनलाइन आईफोन मंगवाना भारी पड़ गया। कंपनी को भुगतान कर एक लाख 7998 रुपए के दो आईफोन मंगवाए, लेकिन डिलीवरी बॉय खाली बॉक्स थमाकर चला गया। घटना गत 27 अक्टूबर की है। कंपनी से बात और मेल की गई, लेकिन कंपनी की तरफ से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। फिर पीड़ित ने शास्त्रीनगर थाने में इसकी रिपोर्ट दी।
शास्त्रीनगर पुलिस ने बताया कि सिंधी कॉलोनी में रहने वाले हरीश रामचंदानी ने यह रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसने ऑनलाइन अमेजान कंपनी से 16 अक्टूबर को दो आईफोन का ऑर्डर किया था। तब कंपनी ने इसकी डिलीवरी 27 अक्टूबर को भेजी। इसे लेकर आया डिलीवरी बॉय पैकेट देकर चला गया, पैकेट को खोला उसमें से खाली बॉक्स निकला।इन दोनों फोन की कीमत 53,999 व 53,999 थी, जिसका पूरा भुगतान भी कंपनी को कर दिया था। मामले में अमेजान कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क किया तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि ओटीपी नंबर देने के बाद अब कंपनी कुछ नहीं कर सकती। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कंपनी व डिलीवरी बॉय के खिलाफ जांच शुरू की है।