टोंक : खनन माफिया को रोकना पुलिस को पड़ा भारी, जीप पर ही चढ़ा डाला बजरी ट्रैक्टर

खनन माफिया लगातार अपने पैर पसार रहा हैं और यह पुलिस के लिए भी घातक बनता जा रहा हैं। इसका एक नजारा देखने को मिला टोंक में जहां खनन माफिया को रोकना पुलिस को ही भारी पड़ गया और ड्राईवर ने बजरी का ट्रैक्टर पुलिस जीप पर ही चढ़ा डाला। सदर पुलिस द्वारा यह कारवाई रविवार को ठिकरिया गांव के पास बजरी खनन व परिवहन के खिलाफ की गई। इस दौरान बजरी लेकर जा रहे चालक ने पुलिस वाहन पर ट्रैक्टर ट्रॉली चढ़ाने का प्रयास किया। जिससे पुलिस वाहन का एक दरवाजा व आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। हालांकि एक हैड कांस्टेबल को चोट आई है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सदर थानाधिकारी दशरथ सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देशों के चलते आज सुबह ठिकरिया गांव में बजरी खनन पर कार्रवाई करने गए थे। 8 बजे के करीब ठिकरिया गांव के पास एक बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली आती दिखी। उसे रोकने का इशारा किया गया। मगर चालक ने रोकने के बजाए पुलिस वाहन पर ट्रैक्टर ट्रॉली चढ़ाने का प्रयास किया। ट्रैक्टर की टक्कर से पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।वहीं, हैड कांस्टेबल को चोट लग गई। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली सहित मौके से फरार होने लगा। पुलिस ने तुरंत जीप से उसका पीछा कर चालक को पकड़कर लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक रतिराम को गिरफ्तार कर लिया। सदर थानाधिकारी राठौड़ ने बताया कि बीते 24 घंटों में सदर पुलिस ने पांच ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की हैं। साथ ही तीन रैकी करने वालों, ट्रैक्टर चालक सहित एक अन्य को गिरफ्तार किया है।