अलवर : कोरोना वैक्सीन की ऐसी किल्लत कि दूसरी डोज के इंतजार में 1 लाख लोग, आज मिलेंगे 12 हजार डोज

कोरोना संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए वैक्सीन बहुत जरूरी हैं लेकिन इसकी किल्लत बढ़ती जा रही हैं। आलम यह हैं कि अकेले अलवर जिले में करीब 1 लाख लोगों को सैकंड डोज का इंतजार है। हांलाकि जिले को जयपुर से आज 12 हजार डोज ही मिलेंगे। वैक्सीन लेने वाली टीम बुधवार सुबह जयपुर पहुंची है। दोपहर बाद तक वैक्सीन अलवर पहुंचेंगी। इसी दिन वैक्सीन का वितरण सेंटरों पर किया जाएगा। अगले दिन गुरुवार को 172 सेंटरों पर केवल दूसरा डोज लगाया जाएगा। ऐसे लोग ही सेंटर पर पहुंचे जिनको पहला डोल लगे पूरा समय हो चुका है।

आरसीएचओ डॉ अरविंद गेट ने बताया कि 18 प्लस से ऊपर सभी को दूसरा डोज लगाया जाएगा। जिनको पहला डोज 84 दिन पहले लगा है। डोज लगवाने के लिए व्यक्ति अपने साथ आधार कार्ड लेकर जाएं। मेडिकल के अधिकारियों का साफ कहना है कि पहला डोज लगवाने के लिए लोग सेंटर पर नहीं आए। अनावश्यक भीड़ में संक्रमण का खतरा रहता है।

जिले में 26 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। जबकि अभी तक 14 लाख को ही टीका लगा है। उसमें से भी 45 से अधिक उम्र के 8 लाख लोगों को पहली खुराक मिली है। वहीं 2 लाख 2 हजार लोगों को दोनों डोज लगे हैं। अभी तो 45 वर्ष से अधिक उम्र के 2 लाख 39 हजार लोगों को पहला डोज लगना बाकी है। अलवर जिले में 18 प्लस के 12 लाख लोगों को टीके की पहली खुराक लगना शेष है।अभी तक केवल 4 लाख लोगों को पहला डोज लगा है। 18 प्लस से अधिक 16 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है।