कोरोना से आज देश में 315 लोगों की हुई मौत, कुल मौतें 9205; महाराष्ट्र / 126 मरीजों ने तोड़ा दम

देश में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या 9 हजार 205 हो गई है। शनिवार को 315 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 126 मरीजों की मौत हुई। यहां मरने वालों की संख्या अब 3 हजार 843 हो गई है। तमिलनाडु में एक दिन में अब तक की सबसे ज्यादा 30 मौतें हुईं। यहां मरने वालों की संख्या अब 397 हो गई है। देश की राजधानी दिल्ली में 57 मरीजों ने दम तोड़ा।

उधर, गुजरात में 33 मरीजों की मौत हुई। यहां अब तक 1 हजार 449 संक्रमितों की जान जा चुकी है। उत्तर प्रदेश में 20, पश्चिम बंगाल में 12, तेलंगाना और हरियाणा में 8-8, मध्य प्रदेश में 7, कर्नाटक और राजस्थान में 3-3, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, पंजाब में 2-2 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।

पिछले 4 दिनों में 1 हजार 485 लोगों की मौत

पिछले 4 दिनों में मरने वालों की रफ्तार सबसे तेज रही है। इन चार दिनों में अब तक सबसे ज्यादा 1,485 लोगों ने जान गंवा दी। देश में अब 17 राज्यों में मरने वालों की संख्या अचानक से बढ़ गई है। इसमें सबसे ज्यादा मौतें अब उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में हो रही है।

बता दे, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 लाख 17 हजार 236 हो गई है। शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 11 हजार 811 नए मरीज मिले। यह संख्या लगातार चौथे दिन 11 हजार से ज्यादा है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

5 दिन, जब सबसे ज्यादा मामले आए

तारीख - केस
12 जून - 11314
11 जून - 11128
10 जून - 11156
7 जून - 10882
9 जून - 9979