बीते कुछ समय से जिले में वाहन चोरी के कई मामले सामने आ रहे थे। ऐसे में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिरों से 12 बाइक बरामद की हैं। यह कारवाई बोरानाडा थाना पुलिस ने की हैं। आरोपियों से पुलिस ने तीन बुलेट, 9 बाइक और एक चोरी की कार बरामद की। चोरी के मामले में पुलिस ने इनके साथ जुड़े दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शौक-मौज के लिए वाहन चोरी की वारदातें करते थे। पिछले एक साल से ये वाहन चोरी कर रहे थे।
थानाधिकारी किशनलाल ने बताया कि नंदवान लूणी निवासी पारस पुत्र चैनाराम, नंदवान लूणी निवासी मुकेश पुत्र रमेश सरगरा और सांगरिया फांटा रामदेव नगर निवासी विक्रम पुत्र बैनाराम को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने प्रतापनगर, शास्त्रीनगर व बासनी से वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकारी। वाहन चोर गिरोह का मुख्य सरगना पारस है, वहीं विक्रम गाड़ियों का मिस्त्री है। जो कि चोरी की बाइक के पार्ट निकालता था, फिर ओने-पौने दामों में उसे बेच देते थे।