मुंबई / ठाणे के भिवंडी में 3 मंजिला इमारत गिरी, 10 की मौत, 25 लोगों के फंसे होने की आशंका

महाराष्ट्र में ठाणे स्थित भिवंडी में बड़े हादसे की खबर है। सोमवार सुबह एक तीन मंजिला बिल्डिंग गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की खबर है। अभी भी मलबे में 25 लोगों के फंसे होने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने 20 लोगों को बाहर निकाला। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। मलबे से एक बच्चे को निकाला गया। मरने वाली की पहचान की जा रही है। बाकी लोगों की तलाश जारी है। हादसा रविवार रात 3 बजकर 40 मिनट पर हुआ। इस समय ज्यादातर लोग सो रहे थे।

बताया जाता है कि मुंबई में पिछले दिनों हुई भारी बारिश की वजह से बिल्डिंग कमजोर हो चुकी थी। इसमें 21 परिवार रहते थे। थाणे नगर निगम के पीआरओ के मुताबिक, 1984 में बने जिलानी अपार्टमेंट, मकान नंबर 69 नामक इमारत का आधा हिस्सा देर रात ढह गया। ये इमारत डेंजर लिस्ट में थी। इसे खाली करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद कुछ लोग तो यहां से चले गए, मगर कुछ लोग यहीं रह रहे थे।