जयपुर : होटल के कमरे से क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्‌टा, मिला करोड़ों का हिसाब, तीन सटोरिए गिरफ्तार

जयपुर शहर में नार्थ जिले की स्पेशल टीम ने बनीपार्क में की कार्रवाई, करोड़ों का हिसाब बरामदशहर में क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्‌टा खेलने वाले तीन सटोरियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। मूल रुप से प्रदेश में चुरु जिले के रहने वाले ये तीनों युवक जयपुर में पिछले करीब एक सप्ताह से होटल में कमरा किराए पर लेकर रह रहे थे। इस बीच नार्थ जिले की स्पेशल टीम के एएसआई हरिओम सिंह की सूचना पर बनीपार्क इलाके में होटल में छापा मारकर पुलिस ने तीनों सटोरियों को धरदबोचा।
इनके कब्जे से एक अटैची में लगे लाइन बॉक्स में 20 मोबाइल फोन और प्रदेश और अन्य राज्यों में सटोरियों से संपर्क के लिए रखे 13 अलग मोबाइल फोन, एक लेपटॉप व अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 12 हजार रुपए नकद और करोड़ों रुपए के हिसाब की दो रजिस्टर, 6 एटीएम कार्ड भी जब्त किया है।एडिशनल डीसीपी नार्थ धर्मेंद्र सागर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शाहिद खान, जमील खान और वसीम खान है। ये तीनों चुरु जिले में सरदार शहर के रहने वाले है। ये तीनों 21 दिसंबर से बनीपार्क स्थित होटल कपीश स्मार्ट के कमरा नंबर 205 में ठहरे हुए थे। यहीं से क्रिकेट पर सट्‌टा लगवा रहे थे। इस संबंध में बनीपार्क थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।