मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, पाकिस्तान से किया गया फोन कॉल, बढ़ाई गई सुरक्षा

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के होटल ताज को उड़ाने की धमकी दी गई है। ये धमकी फोन कॉल पर दी गई। अभी तक मिली सूचना के मुताबिक ये फोन पाकिस्तान (Pakistan) से किया गया है। फोन करने वाले शख्स ने कहा है कि कराची स्टॉक एक्सचेंज में हुआ आतंकी हमला पूरी दुनिया ने देखा है अब भारत के ताज होटल में 26/11 जैसा हमला एक बार फिर होगा। बताया जा रहा है कि ये कॉल बीती रात 12:30 बजे पाकिस्तान से किया गया है। धमकी के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रात में आए इस फोन के बाद से मुंबई पुलिस और होटल स्टाफ मिलकर सुरक्षा का मुआयना कर रहे हैं। यहां पर आने वाले हर एक गेस्ट की एक बार फिर जानकारी इकट्ठा की जा रही है। होटल स्टाफ से गेस्ट की हर गतिविधि पर नजर रखने को कहा गया है। इसके साथ ही दक्षिण मुंबई में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी बढ़ा दी गई है।

बता दें कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में आतंकी हमला किया गया था। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे जबकि 300 से अधिक लोग जख्मी हुए थे। 60 घंटे तक चले इस आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। मुंबई आतंकी हमले में एकमात्र आतंकी अजमल कसाब को ही जिंदा पकड़ा जा सका था। पूछताछ में अजमल कसाब ने कबूल किया था कि वह पाकिस्तान के इशारों पर ही यहां आतंकी घटना को अंजाम देने पहुंचा था। बता दें कि 21 सितंबर 2012 की सुबह पुणे की यरवदा जेल में आतंकी कसाब को फांसी के फंदे पर लटकाया गया था।

बता दे, 26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तान के 10 आतंकी पाकिस्तान के कराची से समुद्र के रास्ते से होते हुए नाव से मुंबई पहुंचे थे। मुंबई पहुंचने के बाद इन आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी रेलवे टर्मिनल, ताज होटल, ट्राइडेंट होटल और एक यहूदी केंद्र पर हमला किया था।