जोधपुर : चोरों ने लगाई सूने मकान में सेंध, 15 लाख के जेवर और नगदी पार

शहर में आए दिन चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं जो आमजन की चिंता का कारण बन रही हैं। बीती रात एक बार फिर चोरों ने सूने मकानों में सेंध मारी और 15 लाख के जेवर और दो लाख की नगदी चुरा ले गए। वारदात शहर के महामंदिर इलाके पावटा स्थित रेनबो हाउस के पीछे एक सूने मकान में हुई। परिवार का मुखिया इलेक्ट्रानिक सामान का व्यापारी है। परिवार के लोग सैर सपाटे के लिए उदयपुर गए है। सूचना पर महामंदिर पुलिस की तरफ से मामला दर्ज किया गया है। आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज से अब चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे है।

थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि पावट बी रोड स्थित रेनबो हाउस के पीछे रामकिशन पुत्र भोजराज चौहान का मकान है। वह पेशे से इलेक्ट्रानिक सामान की खरीद फरोख्त करता है। वह परिवार सहित उदयपुर सैर सपाटे के लिए गया था। घर दो तीन दिन से सूना था। इस बीच किसी ने सूचना दी कि घर के ताले टूटे है। तब वह जोधपुर आया। अंदर जाने पर पता लगा कि सारा सामान बिखरा होने के साथ अलमारी और तिजौरी के ताले टूटे पड़े है। अज्ञात चोरों ने घर से 20-25 तोला सोने के जेवर के साथ किलो भर के आस पास चांदी के आइटम चुराए है। एक अलमारी में रखे दो लाख की नगदी भी नहीं मिली है। जोकि संभवत: चोर ले गए है।