उदयपुर : शादी का झांसा देकर प्रोफेसर ने किया कोचिंग मालकिन से होटल में दुष्कर्म

उदयपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां शादी का झांसा देकर प्रोफेसर ने कोचिंग मालकिन से होटल में दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में गोगुंदा पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर मुंबई में कोचिंग सेंटर चलाने वाली महिला को उदयपुर बुलाया। नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने जल्द ही शादी करने का आश्वासन देकर उसे मुंबई भेज दिया। फिर आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। काफी दिनों तक संपर्क नहीं हुआ तो महिला ने मुंबई में जीरो नंबर की FIR दर्ज करवाकर उदयपुर भेजी। पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर नीरज को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ जारी है।

गोगुंदा पुलिस ने बताया कि मुंबई के खारघर निवासी एक महिला का अपने पति से करीब 12 साल पहले तलाक हो गया था। महिला अपने पुत्र के साथ रहती है। जो मुंबई में इंजीनियरिंग कोचिंग इंस्टिट्यूट चलाती है। महिला का कुछ समय पूर्व ऑनलाइन वेबसाइट के जरिए उदयपुर के सेक्टर 3 निवासी नीरज मारोठिया से संपर्क हुआ। दोनों के बीच इंटरनेट पर लंबी बातें होने लगी। एक-दूसरे को अपने नंबर दे दिए। मेलजोल बढ़ने पर आरोपी ने महिला को शादी का झांसा दिया। उसे उदयपुर आने के लिए कहने लगा। महिला 9 जुलाई को युवक से मिलने उदयपुर पहुंची। इस दौरान आरोपी ने गोगुंदा के बरौलिया स्थित स्पेक्ट्रम रिसोर्ट में महिला को रुकवाया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया।