अलवर : बोरिंग चलाने को लेकर हुआ विवाद तो देवर ने कर डाली नींद में सो रही भाभी की हत्या

अलवर के राजगढ़ के नया गांव में सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ जिसमें बोरिंग चलाने को लेकर हुए विवाद में देवर ने नींद में सो रही भाभी की हत्या कर डाली। घटना 29 जून की रात की है। पुलिस ने सोमवार को पूरे मामले का खुलासा किया है। महिला के पति की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद देवर विजेंद्र मीणा को गिरफ्तार किया गया। वारदात में काम लिए गए हथियार भी पुलिस बरामद करने के प्रयास में लगी है। एसपी ने बताया कि इस मामले का खुलासा करने में थानाधिकारी विनोद सामरिया व उनकी टीम का विशेष प्रयास रहा है।

अलवर एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि राजगढ़ के नयागांव बोलका में महिला बत्तो देवी का ब्लाइंड मर्डर सामने आया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतक महिला के देवर आरोपी बोलका निवासी विजेंद्र कुमार मीणा को गिरफ्तार किया। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ कि उनकी साझे की बोरिंग है। जिसको लेकर आपस में लम्बे समय से विवाद था। आरोपी शराब का आदी भी है। जिसने पहले भी महिला पर हमला किया था। आए दिन झगड़ा करता था। इसी लड़ाई के चलते आरोपी ने 29 जून की रात को महिला के सिर पर वार किया। उस समय महिला नींद में थी। जिससे उसकी मौत हो गई।